UP Board Exam New Rules 2026: उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी 2026 से शुरू होने जा रही है। परीक्षा से पहले उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने नई और सख्त गाइडलाइन जारी कर दी है। बोर्ड ने साफ कर दिया है कि यदि किसी छात्र की उत्तर पुस्तिका (Answer Sheet) में पैसे या कोई अन्य वस्तु पाई गई तो इसे अनुचित साधन (Unfair Means) माना जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई होगी।
कॉपियों की हैंडलिंग और इवैल्यूएशन पर सख्ती
बोर्ड ने सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों (District School Inspector) को निर्देश भेजे हैं कि उत्तर पुस्तिकाओं की हैंडलिंग और मूल्यांकन (Evaluation Process) पूरी पारदर्शिता से हो। परीक्षा कक्ष में तैनात कक्ष निरीक्षक यह सुनिश्चित करेंगे कि –
- छात्र रोल नंबर और कॉपी नंबर सही तरीके से लिखें।
- कॉपी के किसी भी हिस्से में नाम या पहचान संबंधी जानकारी न लिखी जाए।
- उत्तर पुस्तिका के सभी पन्ने सुरक्षित रहें।
इस बार प्रत्येक पेज पर रोल नंबर और कॉपी नंबर लिखना अनिवार्य किया गया है, ताकि पन्नों की अदला-बदली जैसी गड़बड़ियों पर रोक लगाई जा सके।
कॉपी में करेंसी रखना माना जाएगा अनुशासनहीनता
UPMSP ने स्पष्ट किया है कि उत्तर पुस्तिका के अंदर करेंसी नोट या कोई भी वस्तु रखना नियमों का उल्लंघन है। पूर्व में कुछ मामलों में छात्रों द्वारा गलती या अज्ञानता में कॉपी में पैसे रखने की घटनाएं सामने आई थीं।
यदि मूल्यांकन के दौरान करेंसी (पैसे ) मिलती है तो –
- इसे गलत तरीके (Unfair Means) का प्रयास माना जाएगा।
- संबंधित छात्र पर एग्जामिनेशन (Prevention of Unfair Means) Act, 2024 के तहत कार्रवाई होगी।
- बरामद राशि को ट्रेजरी में जमा कराया जाएगा।
- पूरी रिपोर्ट तत्काल जिला विद्यालय निरीक्षक को भेजी जाएगी
सीसीटीवी निगरानी में होंगी परीक्षाएं
बोर्ड परीक्षा 2026 के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरे और ऑडियो रिकॉर्डिंग की व्यवस्था रहेगी। इसका उद्देश्य नकल, अनुचित गतिविधियों और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकना है।
छात्रों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा नियमों (Exam Guidelines) को गंभीरता से पढ़ें और पूरी ईमानदारी के साथ परीक्षा दें, ताकि किसी भी तरह की अनुशासनात्मक कार्रवाई से बचा जा सके।